समस्तीपुर | संवाददाता
समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) सिंघिया का शनिवार को सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का गहन जायजा लिया।
सिविल सर्जन ने ऑपरेशन थिएटर (ओटी), इमरजेंसी वार्ड, टीबी वार्ड, एक्स-रे कक्ष सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई, उपचार व्यवस्था और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में डॉ. राजीव कुमार ने आशा कार्यकर्ताओं को मिलने वाले प्रोत्साहन भत्ते, संस्थागत प्रसव कराने वाली महिलाओं तथा बंध्याकरण कराने वाली महिलाओं को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि की जानकारी ली। साथ ही संबंधित अभिलेखों की भी जांच की।
निरीक्षण के बाद सिविल सर्जन ने बताया कि टीबी उन्मूलन को लेकर चलाए जा रहे विशेष महाअभियान के तहत स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया गया है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने, अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध हों और टीबी उन्मूलन अभियान को प्रभावी ढंग से सफल बनाया जाए।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अविनाश तिवारी, फार्मासिस्ट संजय कुमार सिंह, नरेंद्र सिंह उर्फ गोपाल सिंह, बीसीएम राहुल कुमार गौरव, मो. नसीम सहित कई चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
