सिंघिया, समस्तीपुर। बिहार सरकार की ग्रामीण क्षेत्रों को रोशन करने की पहल के तहत लगाए गए सोलर स्ट्रीट लाइट कई जगहों पर लोगों की सुविधा के बजाय परेशानी का कारण बन रहे हैं। ऐसा ही मामला समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड के जहांगीरपुर पंचायत के वार्ड संख्या-5 से सामने आया है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, वार्ड में लगी सोलर स्ट्रीट लाइट की बैटरी दिनभर तेज धूप रहने के बावजूद चार्ज नहीं हो रही है। इसके कारण रात होते ही स्ट्रीट लाइट बंद रहती है और पूरे इलाके में अंधेरा छा जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से रात के समय आवागमन में परेशानी होती है। खासकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को अंधेरे में आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द खराब सोलर स्ट्रीट लाइट की जांच कर मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय पर इसकी देखभाल नहीं की गई तो सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना अपने उद्देश्य से भटक जाएगी।
